
दुर्ग। मड़ई मेला, बाजार और अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। थाना नंदिनी क्षेत्र अंतर्गत 18 जनवरी को आयोजित मड़ई मेला सहित बाजार क्षेत्रों में विशेष सघन अभियान चलाया गया, जिसमें पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ असामाजिक तत्व बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर रहे थे और आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ऐसे सभी युवकों को तत्काल चिन्हित कर मौके पर ही लोहे के कड़े उतरवाए।
थाना नंदिनी पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में लगभग 150 लोहे के कड़े जब्त किए गए। संबंधित व्यक्तियों को कड़ी समझाइश दी गई और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
दुर्ग पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से मड़ई मेला, बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन और शांति बनी रही। इस अभियान से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मड़ई मेला, बाजार और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अड्डेबाजी, हथियारनुमा वस्तुएं पहनकर घूमने, हुड़दंग करने या कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी बिना किसी पूर्व सूचना के सख्त और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
जनसुरक्षा सर्वोपरि —
कानून तोड़ने वालों के लिए कोई रियायत नहीं।