

दुर्ग। जिले में अड्डेबाजी, सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन और इससे उत्पन्न कानून-व्यवस्था की समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत 16 जनवरी की रात जिलेभर में एकसाथ विशेष सघन अभियान चलाया।
इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना, आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने और अड्डेबाजी करते पाए गए 40 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।


थाना-वार कार्रवाई इस प्रकार रही—
सुपेला 04, पद्मनाभपुर 04, पाटन 04, उतई 04, पुलगांव 06, मोहन नगर 05, भिलाई नगर 03, कुम्हारी 03, खुर्सीपार 02, अण्डा 01, नेवई 01, जामुल 01 तथा पुरानी भिलाई 02।


इस विशेष अभियान में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की सक्रिय भागीदारी रही। पूरी कार्रवाई राजपत्रित अधिकारियों की प्रत्यक्ष निगरानी में संपन्न कराई गई।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी या किसी भी प्रकार से जनशांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त, निरंतर और बिना पूर्व सूचना के वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

