
लुधियाना । लुधियाना से दिल्ली जा रही अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस (नंबर 12204) में शनिवार सुबह सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास आग लगने की घटना सामने आई। ट्रेन स्टेशन से निकलकर मुश्किल से आधा किलोमीटर ही आगे बढ़ी थी कि यात्रियों ने एक कोच से धुआं उठते देखा।
तुरंत ट्रेन को रोका गया और रेलकर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं और यात्रियों को सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं, हालांकि एक महिला यात्री घायल हुई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7.30 बजे हुई। जैसे ही आग का पता चला, प्रभावित डिब्बे को खाली कराया गया और फायर टीमों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। आग सीमित हिस्से में थी और जल्द ही बुझा ली गई।
रेलवे के आधिकारिक बयान में कहा गया कि, “अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस (12204) के एक कोच में सरहिंद स्टेशन पर आग देखी गई। यात्रियों को तुरंत अन्य कोचों में शिफ्ट किया गया और आग बुझा दी गई। किसी भी यात्री को गंभीर नुकसान नहीं हुआ। ट्रेन को जल्द ही अपने गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा।”
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। रेलवे और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं, जबकि ट्रैक को फिर से चालू करने की प्रक्रिया चल रही है। थोड़ी देर के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की तैयारी की जा रही है।