
दुर्ग. छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण और मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार दो कैथोलिक ननों से मुलाकात करने आज इंडिया गठबंधन के सांसद दुर्ग पहुंचे। जेल में बंद ननों से मिलने के बाद सांसदों ने केंद्र सरकार पर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने का गंभीर आरोप लगाया और कहा कि वे इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, और दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा भी शामिल थे। सांसदों को पहले जेल प्रशासन द्वारा मुलाकात की अनुमति नहीं दी गई थी, लेकिन बाद में जेल डीजी की मंजूरी के बाद उन्हें मिलने दिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रशासनिक रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा, “लोकसभा से आए प्रतिनिधियों को जेल में बंद महिला बंदियों से मिलने से रोका जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।”
“देशभर में अल्पसंख्यकों को निशाना बना रही है सरकार” – सांसद बेनी बेहनान
केरल से सांसद बेनी बेहनान ने कहा कि दोनों नन उनके लोकसभा क्षेत्र की निवासी हैं और वे उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में अल्पसंख्यकों को बढ़ते स्तर पर प्रताड़ित किया जा रहा है। “बजरंग दल और आरएसएस जैसे संगठनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि यहां न तो कोई धर्मांतरण और न ही मानव तस्करी का मामला है,” उन्होंने कहा।
“महिला नन के कपड़ों पर आपत्ति कर जेल भेजा गया” – सांसद सप्तगिरि उल्का
सांसद सप्तगिरि उल्का ने आरोप लगाया कि महिला ननों को केवल उनके पहनावे के आधार पर निशाना बनाया गया। “बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और झूठे आरोप लगाकर जेल भिजवाया गया,” उन्होंने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले में कानूनी मार्ग से लड़ाई लड़ेंगे और इस विषय पर मुख्यमंत्री विष्णु साय से भी चर्चा करेंगे।