
दुर्ग । भिलाई से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में शनिवार सुबह एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक के परिवार पर चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में आरक्षक ललितेश यादव की पत्नी रीना यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौत हो गई, जबकि उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, आरक्षक ललितेश यादव इन दिनों छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे और सुबह करीब 8 बजे रेलवे स्टेशन आरक्षण कराने गए थे। इसी दौरान आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज उनके घर पहुंची और वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर में मौजूद रीना यादव और बच्चों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया। हमले में बेटे आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल अवस्था में रीना यादव ने अपनी बेटियों को किसी तरह जान बचाकर भागने के लिए कहा।
घटना के दौरान एक बेटी घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी बाथरूम में छिप गई, जिससे उसकी जान बच गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, लेकिन उस समय उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी जांजगीर की रहने वाली है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। घटना के पीछे अवैध संबंध की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।