
दुर्ग | 25 अप्रैल 2026
दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में 5 मुख्य संचालकों और सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह गोवा, रायपुर, दुर्ग सहित विभिन्न राज्यों से फर्जी सिम, म्यूल अकाउंट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध सट्टा संचालन कर रहा था।

पुलिस कार्रवाई के दौरान लैपटॉप, मोबाइल, बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और 2,70,000 रुपये नकद सहित अन्य सामग्री जप्त की गई है। जांच में सामने आया है कि गिरोह प्रतिदिन 10 से 15 लाख रुपये का लेनदेन करता था और आईपीएल सीजन के दौरान हर महीने 4 से 5 करोड़ रुपये तक का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।
यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के अपराध क्रमांक 90/2026 में धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और 112(2) बीएनएस के तहत दर्ज प्रकरण में विवेचना के दौरान की गई। पहले इस मामले में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जिसके बाद तकनीकी और वित्तीय जांच के आधार पर गिरोह के ऊपरी स्तर तक पहुंचकर 5 अन्य आरोपियों को पकड़ा गया।
जांच में पाया गया कि आरोपी इंटरनेट, व्हाट्सएप कॉल, इंस्टाग्राम कॉल, फर्जी सिम और म्यूल अकाउंट के जरिए आपस में संपर्क में रहकर सट्टा संचालन कर रहे थे। गिरोह का नेटवर्क दुर्ग, रायपुर, भिलाई, गोवा सहित अन्य राज्यों तक फैला हुआ था।
गिरफ्तार आरोपी:
1 राहुल रंगवानी (26 वर्ष) निवासी देवपुरी, रायपुर
2 सोविंद यादव उर्फ राजू यादव (26 वर्ष) निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश
3 संदीप कापसे (25 वर्ष) निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र
4 अमन अली (23 वर्ष) निवासी गौतम नगर, खुर्सीपार, भिलाई
5 हुसैन अली (21 वर्ष) निवासी गौतम नगर, खुर्सीपार, भिलाई
जप्त सामग्री:
3 लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 45 बैंक पासबुक, 76 एटीएम कार्ड, 10 चेक बुक, 1 वाई-फाई राउटर, 5 सिम कार्ड, 2 आधार कार्ड, 2 पैन कार्ड और 2,70,000 रुपये नकद।