
दुर्ग। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने डिपरापारा क्षेत्र में चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी और धारदार चाकू बरामद किया गया है।
16 जुलाई 2025 को डिपरापारा निवासी देवेंद्र सोनकर से हनुमान मंदिर के पास तीन युवकों ने चाकू की नोंक पर एक नोकिया मोबाइल और स्कूटी (क्रमांक CG 07 CW 7939) लूट ली थी। पीड़ित ने 17 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 329/2025 धारा 309(6), 111(2) बीएनएस और बाद में आयुध अधिनियम की धारा 25, 27 जोड़ते हुए प्रकरण दर्ज किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लक्की उर्फ लक्ष्मीनारायण यादव और भूपेन्द्र उर्फ आकाश भारती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने अपराध स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर एक धारदार चाकू व लूटी गई स्कूटी (कीमत ₹70,000) बरामद की गई। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।
मामले का तीसरा आरोपी प्रियांशु अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- लक्की उर्फ लक्ष्मीनारायण यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी डिपरापारा, दुर्ग
- भूपेन्द्र उर्फ आकाश भारती, उम्र 19 वर्ष, निवासी कालीबाड़ी नेहरू नगर ढाल के पास, वर्तमान पता इंदिरा कॉलोनी, दुर्ग
जप्त सामग्री:
- एक धारदार चाकू
- लूटी गई स्कूटी CG 07 CW 7939 (कुल कीमत ₹70,000)
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग की पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।