अल्ट्राटेक सीमेंट गोदाम में चोरी करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार, 69,300 रुपये नगद बरामद


:
दुर्ग। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत अल्ट्राटेक सीमेंट गोदाम के ऑफिस में हुई नगदी चोरी के मामले में पुलिस ने दस साल से कार्यरत एक मजदूर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की गई रकम में से ₹69,300 की बरामदगी की गई है।

मामला 6 से 7 जुलाई 2025 की दरम्यानी रात का है, जब धमधा रोड स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट गोदाम के ऑफिस में किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्लाई दरवाजा तोड़कर घुसपैठ की और टेबल के ड्रॉअर में रखे ₹84,400 नकद चुरा लिए थे। कंपनी की ओर से रिपोर्ट दर्ज होने पर चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 258/2025 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

जांच के दौरान गोदाम के कर्मचारियों से पूछताछ की गई और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही राजेन्द्र ठाकुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध कबूलते हुए बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से इसी गोदाम में कार्यरत था और जानता था कि मजदूरों के भुगतान के बाद शेष रकम टेबल के ड्रॉअर में रखी जाती है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

राजेन्द्र ने बताया कि ₹15,100 वह खर्च कर चुका है जबकि ₹69,300 उसके घर से बरामद किए गए। उसे 18 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

आरोपी का विवरण:
राजेन्द्र ठाकुर, उम्र 32 वर्ष, निवासी मोहल्ला नंबर 83, थाना मोहन सिकोलाभाठा, उरला बाम्बे नगर, जिला दुर्ग

बरामदगी:
नकद राशि ₹69,300

इस कार्रवाई में जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी खगेन्द्र पठारे और टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *