
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर हिट एंड रन की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बुधवार रात तेलीबांधा चौक पर ड्यूटी में तैनात दो ट्रैफिक जवानों को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच की है, जब ट्रैफिक जवान केशव क्षत्रिय और रज्जब खां तेलीबांधा थाने के सामने यातायात नियंत्रण में लगे थे। इसी दौरान टाटीबंध की ओर से तेज रफ्तार में आ रही महाराष्ट्र पासिंग पिकअप ने ट्रैफिक सिग्नल को तोड़ते हुए सीधे जवानों की ओर रुख कर दिया। दोनों जवानों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने जानबूझकर पिकअप को उनकी ओर मोड़ दिया और रौंदते हुए महासमुंद रोड की ओर फरार हो गया।
इस हादसे में ट्रैफिक जवान रज्जब खां का हाथ और केशव क्षत्रिय का पैर टूट गया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों घायलों को रामकृष्ण अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।