
नई दिल्ली। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 74 साल के हो गए हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गजों ने शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की शुभकामना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बल पर असाधारण नेतृत्व प्रदान किया है तथा देश की समृद्धि और प्रतिष्ठा में वृद्धि की है।”
गृहमंत्री अमित शाह की शुभकामना
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को शांति, करुणा व संवेदना की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा, “मोदी जी ने ‘नए भारत’ के विजन के साथ विरासत से लेकर विज्ञान तक को जोड़ा है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति व जनकल्याण के संकल्प से अनेक असंभव से लगने वाले कार्यों को संभव बनाकर गरीब कल्याण के नए कीर्तिमान रचे हैं।”
रक्षा मंत्री की शुभकामना
रक्षा मंत्री ने पीएम मोदी के बुलंद हौसलों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “पिछले दस वर्षों में भारत ने जो कदम आगे बढ़ाये हैं, आज उनकी मज़बूती के बल पर भारत नई बुलंदियों को छूने का आकांक्षी है। यह हौसला और विश्वास मोदीजी के अथक परिश्रम और उनके प्रयासों का सुपरिणाम है।”
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की शुभकामना
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को जन्मदिन की हृदयतल से बधाई दी। उन्होंने कहा, “140 करोड़ देश वासियों के जीवन को सुखमय बनाने के लिए अविराम साधनारत, विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्न दृष्टा, हम सभी के मार्गदर्शक, यशस्वी प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की हृदयतल से बधाई!”