
गरियाबंद । गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में एक मानसिक विक्षिप्त 40 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। आरोपी भजन मरकाम (52 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता अपने भाई के घर रहती थी और 9 सितंबर की रात करीबन 8 बजे भोजन करने के बाद बस्ती में मौजूद अपने चाचा के घर सोने जा रही थी, तभी आरोपी ने सुनसान जगह देखकर पीड़िता को रोककर उसके साथ बलात्कार किया।
महिला अर्ध नग्न दशा में जब परिजन के घर पहुंची, तो उन्हें पीड़िता के साथ अनाचार होने की आशंका हुई। अगली सुबह पीड़िता को पूछे जाने पर वह घटना की आधी अधूरी आपबीती बताई, जिसके बाद परिजनों का शक यकीन में बदल गया और उन्होंने घटना की शिकायत पुलिस में की।
पुलिस ने पीड़िता से पहचान जानने की कोशिश की, लेकिन पीड़िता के मानसिक विक्षिप्त होने के चलते उसे पहचान बताने में एक हफ्ते का समय लग गया। चूंकि पीड़िता मानसिक विक्षिप्त है इसलिए उसका बयान मानसिक एक्सपर्ट के समक्ष बयान दर्ज कराया गया।
अंततः जब आरोपी की पहचान हुई तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी में जुट गई।