सेवा मेरा योगदान उत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करें- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति

23 से 25 सितंबर तक सभी नगरीय निकायों तथा 2 से 8 अक्टूबर तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां

कवर्धा, 22 सितंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कबीरधाम जिले में “सेवा मेरा योगदान उत्सव” के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को उक्त निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने बताया कि “सेवा मेरा योगदान उत्सव” के अंतर्गत जिले में 23 से 25 सितंबर तक सभी नगरीय निकायों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में उत्सव का भव्य आयोजन होगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उत्सव के अंतर्गत सेवा एवं स्वच्छता, अन्न एवं वस्त्र दान, विद्यादान एवं शिक्षा सहयोग, कौशल एवं ज्ञान दान तथा प्रशिक्षण, हरित छत्तीसगढ़ एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा तथा महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को इन गतिविधियों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा एवं सहयोग की भावना को जन-जन तक पहुंचाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

गांधी जयंती पर विशेष स्वच्छता एवं सेवा गतिविधियों के आयोजन के निर्देश

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने गांधी जयंती के अवसर पर सेवा एवं स्वच्छता श्रमदान, स्वच्छता अभियान तथा प्लास्टिक मुक्ति के लिए जागरूकता अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के नदी-नालों एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता के लिए वृहद अभियान चलाने तथा जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संरक्षण से संबंधित गतिविधियां आयोजित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को एक गांव को गोद लेकर वहां सेवा कार्य करने, स्थानीय गौशालाओं में सेवा गतिविधियां संचालित करने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा मेरा योगदान उत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को उत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सेवा मेरा योगदान उत्सव के अंतर्गत आयोजित विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग के तहत आम जनता से अपने घरों में रखे पुराने वस्त्रों को जरूरतमंद लोगो को दान के लिए भी प्रेरित करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने समाज कल्याण के उप संचालक को वृद्धाश्रम एवं अनाथलाय में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। श्रीमती प्रजापति ने जिला शिक्षा अधिकारी को जिला के पुस्तकालयों एवं सभी विद्यालयों में पुस्तक रीडिंग के कक्षा आयोजित करने तथा सभी स्कूलों में न्यौता भोज कार्यक्रम के आयोजन हेतु कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केन्द्रों में न्यौता भोज आयोजन हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके अलावा सेवा मेरा योगदान उत्सव के दौरान रक्त दान शिविर का भी आयोजना के निर्देश दिए। उन्होंने इस अभियान को शासन का उत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए जिला में उनके सफल आयोजन हेतु समाज के सभी वर्गो से सहभागिता के लिए अनुरोध किया। बैठक में कलेक्टर ने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के प्रगति के अभियान की समीक्षा की। कलेक्टर ने उच्च न्यायालय के लंबित प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को उच्च न्यायालय के लंबित प्रकरण निर्धारित समयावधि में करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में ई-आॅफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को शत-प्रतिशत ई-आॅफिस के माध्यम से कार्य करने निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, श्री रामप्रसाद अचला एवं श्री सागर सिंह राज सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *