20 हजार के कर्ज के बाद मांगी अतिरिक्त रकम, महिला और बेटे से मारपीट व धमकी देने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई: पति के इलाज के लिए लिए गए 20 हजार रुपये के कर्ज की मूल रकम और ब्याज चुकाने के बाद भी अतिरिक्त रकम की मांग करने का मामला सामने आया है। अतिरिक्त पैसे देने से इनकार करने पर महिला और उसके बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया ने 19 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने पति के उपचार के लिए पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव से 20 हजार रुपये उधार लिए थे। रकम और ब्याज चुकाने के बाद भी अतिरिक्त पैसे की मांग की जा रही थी।

आरोप है कि अतिरिक्त रकम देने में असमर्थता जताने पर पूजा राव प्रार्थिया को अपने घर ले गई, जहां चंदन राव और प्रवीण शर्मा के साथ मिलकर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

तलाशी के दौरान आरोपी पूजा राव के घर से प्रार्थिया का एक कोरा चेक और संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *