

दुर्ग। साइबर अपराधों से बचाव और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा नगर निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में साइबर जागृति अभियान चलाया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में वार्ड पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को साइबर ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत थाना कोतवाली क्षेत्र में 23, मोहन नगर में 17, पद्मनाभपुर में 17 और पुलगांव थाना क्षेत्र में 3 वार्डों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस तरह दुर्ग शहर के सभी 60 वार्डों में कार्यक्रम आयोजित कर करीब 6 हजार नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रमों में नागरिकों को OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई। इसके अलावा लॉटरी, इनाम, नौकरी, निवेश और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से सतर्क रहने की जानकारी दी गई।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने लोगों से स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है।


