
दुर्ग। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर पुलिस चौकी ने मोटर साइकिल चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा क्रमांक CG 07 LW 6256, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, 19 जुलाई को कृष्णा नगर वार्ड क्रमांक 4, सुपेला निवासी जीतू साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 जुलाई को वह अपनी एक्टिवा से जुनवानी स्थित सूर्या मॉल के सामने वचन डेयरी में दूध लेने गया था। उसने अपनी एक्टिवा दुकान के सामने खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर वाहन गायब मिला।
रिपोर्ट पर सुपेला थाना, पुलिस चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1022/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही योगेश निषाद उर्फ बाऊ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने एक्टिवा चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसके कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा बरामद कर विधिवत जब्त कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर बिना निगरानी खड़े दोपहिया वाहनों को मौका देखकर चोरी करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश निषाद उर्फ बाऊ, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम समोदा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में स्मृतिनगर पुलिस चौकी की टीम की सराहनीय भूमिका रही। त्वरित विवेचना और आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी समेत विवेचना और पेट्रोलिंग स्टाफ का विशेष योगदान रहा।