ऑनलाइन बैटिंग गिरोह पर बड़ा एक्शन: फर्जी बैंक खातों से करोड़ों का खेल, 3 आरोपी गिरफ्तार



दुर्ग। पदमनाभपुर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन बैटिंग से जुड़े फर्जी बैंक खातों के बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के तहत तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक कुल 19 आरोपी पकड़े जा चुके हैं और करोड़ों रुपए के लेन-देन का खुलासा हुआ है।
मामले की शुरुआत 31 दिसंबर 2025 को हुई, जब अविनाश दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग फर्जी तरीके से बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम, सिम कार्ड, पासबुक और चेकबुक हासिल कर रहे हैं। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन बैटिंग ऐप में पैसों के लेन-देन के लिए किया जा रहा था और सामग्री मुंबई भेजी जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सह मुख्य आरोपी कुश (28 वर्ष), निवासी दीपक नगर, रितेश राय (40 वर्ष), निवासी हरी नगर और महेंद्र सिंह ठाकुर (32 वर्ष), निवासी सुपेला को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 22 एटीएम कार्ड, 10 चेकबुक, 8 पासबुक, 4 सिम कार्ड, 5 मोबाइल फोन, एक नकली पिस्टल और एक रजिस्टर बरामद किया गया है। जांच में इनके खातों में करोड़ों रुपए के लेन-देन के सबूत मिले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपने बैंक खाते, एटीएम या सिम कार्ड किसी को भी उपयोग के लिए न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *