
दुर्ग। दुर्ग पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए सुपेला थाना क्षेत्र में गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से 2 किलो 250 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मी मार्केट कचरा मैदान स्थित बिजली ट्रांसफार्मर के पास एक युवक सफेद बोरी में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ साखरे उर्फ सोनू (20 वर्ष), निवासी अंबेडकर नगर वार्ड 11, थाना वैशाली नगर, भिलाई के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 250 ग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹1,10,000) और एक आईफोन 12 प्रो (कीमत करीब ₹25,000) बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 515/2026 के तहत धारा 20(ख) NDPS Act में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा बेच रहा था।
इस कार्रवाई में सुपेला थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।