भिलाई में स्कूल वैन की चपेट में आकर दो साल की मासूम बच्ची की मौत

दुर्ग । दुर्ग जिले के भिलाई में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक स्कूल वैन ने दो साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में मातम फैल गया।

बच्ची के मामा चंद्रपाल जायसवाल ने बताया कि घटना बुधवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच की है। उनकी मामी विभा जायसवाल के तीन बच्चे हैं, जिनमें से दो बच्चे कृष्णा विद्यालय रामनगर में पढ़ते हैं। स्कूल की वैन बच्चों को लेने के लिए आई थी।

विभा ने अपनी दो साल की बच्ची अंशिका को गोद में लेकर अन्य दो बच्चों को वैन में बैठाने के लिए पहुंची थी। इस दौरान उसने अंशिका को गोद से नीचे उतार दिया और बच्चों को वैन में बैठाने लगी। अचानक बच्ची चलकर वैन के आगे पहुंच गई और वैन चालक ने गाड़ी को बढ़ा दिया, इससे वैन मासूम के ऊपर चढ़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और वैन चालक को गिरफ्तार कर बच्ची को पीएम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *