
गोविंदा चौहान । भिलाई. । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिक्षक दिवस पर देश भर के शिक्षकों को सम्मानित किया, जिसमें भिलाई के खेदामारा मिडिल स्कूल की दिव्यांग शिक्षिका के. शारदा भी शामिल हैं।
के.शारदा प्रदेश की ऐसी पहली दिव्यांग शिक्षिका बनेंगी जिन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार देंगी. इसके लिए सेंट्रल मिनिस्टरी ऑफ एजुकेशन की ओर से के.शारदा को आमंत्रण मिला है.
दिव्यांग शिक्षिका के शारदा खेदामारा की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में मूल रूप से गणित की शिक्षिका हैं. उन्होंने अपनी दिव्यांगता को अपनी कमजोरी नहीं बनाया. के शारदा ने बताया कि वो अपनी स्कूली शिक्षा में जरूर पीछे रह गई. लेकिन टीचर बनने के बाद अपने विद्यार्थियों को नई तकनीक से पढ़ाने के लिए शुरू से ही नवाचार लाने पर जोर दिया.
शिक्षा के लिए जीवन समर्पित : के शारदा ने ऑडियो,वीडियो बुक्स, ई कंटेंट, पीडीएफ का 2 हजार से ज्यादा संग्रह कर खेल खेल में बच्चों को पढ़ाना शुरू किया. इसके कारण स्कूल के बच्चों को आसानी से पाठ्यक्रम समझ में आने लगा. गणित, सोशल,G.K.,ओरल साइंस,नैतिक शिक्षा जैसे 20 अलग-अलग विषयों पर किताब लिखी. नैतिक शिक्षा पर 50 कहानियों को बहुभाषा में पिरोया. जिसमें हिंदी, अंग्रेजी और छत्तीसगढ़ी हल्बी भाषा शामिल है. आज उन्हें खुशी है कि राष्ट्रपति से उनका सम्मान होने जा रहा है.
राज्य शिक्षक सम्मान से नवाजी जा चुकी हैं के.शारदा : वर्ष 2023 में शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में 52 शिक्षकों को सम्मानित किया गया. जिसमें के शारदा भी इस शिक्षक सम्मान की हकदार बनीं. जिन्हें तत्कालीन राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने सम्मान दिया. के शारदा बचपन से ही पोलियो से पीड़ित थी.लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी.इस दौरान उन्होंने बच्चों को पढ़ाना जारी रखा. के शारदा बैखासी के सहारे चलती हैं. कोरोनाकाल में अपनी खुद की वेबसाइट बनाकर उन्होंने वीडियो अपलोड करके बच्चों को शिक्षा दिया.