पेंशन और संपत्ति के लालच में पिता की निर्मम हत्या, बेटे-बेटी को फांसी; पत्नी को उम्रकैद

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में छह साल पुराने चर्चित रिटायर रेलवे कर्मचारी हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। मल्काजगिरि स्थित प्रधान जिला न्यायालय ने मामले में दोषी पाए गए बेटे और बेटी को मृत्युदंड तथा मृतक की पत्नी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।मामला वर्ष 2019 का है, जब 70 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी की हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी बेटे और बेटी ने पेंशन तथा पैतृक संपत्ति हासिल करने की नीयत से अपने पिता की हत्या की साजिश रची थी। इस साजिश में उनकी मां ने भी साथ दिया।आरोपियों ने पहले खाने में जहर मिलाकर पिता की हत्या की। मौत के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के कई टुकड़े किए गए और उन्हें घर में रखी बाल्टियों में भरकर छिपा दिया गया। हालांकि आरोपी शव को ठिकाने लगाने में सफल नहीं हो सके।18 अगस्त 2019 को घर से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। घर के भीतर मानव अवशेष मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ और 21 अगस्त 2019 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।करीब छह वर्षों तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने बेटे और बेटी को फांसी की सजा सुनाते हुए मामले को ‘दुर्लभतम श्रेणी’ का अपराध माना, जबकि मृतक की पत्नी को उम्रकैद की सजा दी गई। यह मामला लालच और पारिवारिक विश्वासघात की एक ऐसी मिसाल बन गया, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *