दुर्ग में 7.88 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट, 14 लाख से अधिक अफीम के पौधों का किया गया वैधानिक नष्टीकरण


दुर्ग, 4 जून 2026। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग रेंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना पुलगांव में एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में जप्त लगभग 7.88 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का वैधानिक प्रक्रिया के तहत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई रेंज स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के एसएमएस-3 प्लांट में संपन्न हुई।

पुलिस मुख्यालय और राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप की गई इस कार्रवाई में न्यायालयीन एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद जप्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। नष्टीकरण से पूर्व पर्यावरण विभाग सहित संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति भी प्राप्त की गई थी।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपियों से अफीम के पौधे, जड़, तना, पत्ती, फूल और फल सहित करीब 14,30,100 नग सामग्री जप्त की गई थी, जिसका कुल वजन 62,422.2 किलोग्राम था। इसके अलावा 62.540 किलोग्राम अफीम का सूखा फल (डोडा) और 572 ग्राम अफीम युक्त सूखा मिश्रित डोडा बुक्की भी बरामद की गई थी। जप्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7.88 करोड़ रुपये आंकी गई है।

नष्टीकरण की कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के नेतृत्व में की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, आबकारी उपायुक्त शशांक कुमार सहित पुलिस, आबकारी, पर्यावरण विभाग और भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारी उपस्थित रहे।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन, बिक्री या सेवन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने में जनता का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *