
रायगढ़ l रायगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आदिवासी महिला के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। यह घटना रक्षाबंधन के दिन मेले से लौटते समय हुई। आरोपियों में महिला का एक दोस्त और उसके 10 साथी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है।
पुसौर ब्लॉक निवासी 27 साल की महिला कुछ सालों से अपने पति से अलग रह रही थी। वह मंगलवार को अपने परिचितों के साथ मीना बाजार गई थी। वहां से लौटते समय NTPC लारा के पास कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और गैंगरेप किया। गैंगरेप में महिला का दोस्त भी शामिल था। महिला उसी के साथ लौट रही थी। पहले उसने रेप किया, फिर उसके साथी भी पहुंच गए और उन्होंने भी महिला से दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद सभी आरोपी वहां से भाग निकले। महिला किसी तरह थाने पहुंची और FIR दर्ज कराई। मामले की जानकारी मिलते ही शाम को एसपी दिव्यांग पटेल भी थाने पहुंच गए। आनन-फानन में 6 लोगों को पकड़ा गया है। बाकी की तलाश की जा रही है। आरोपी आसपास के गांव के ही रहने वाले हैं। एसपी दिव्यांग पटेल के मुताबिक अभी कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मामला गंभीर है। जांच पूरी होने पर ही जानकारी दी जा सकेगी।