
दीपावली पर्व के दौरान सुपेला चौक पर ड्यूटी में तैनात यातायात आरक्षकों को रोता हुआ 4 वर्षीय मासूम बच्चा मिला।
आरक्षक भापेन्द्र साहू एवं अजय मंडावी ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को अपने संरक्षण में लिया।
यातायात जोन आकाशगंगा के माध्यम से बच्चे को उसकी माता पिंकी बेगम के सुपुर्द सुरक्षित किया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर माता ने यातायात पुलिस एवं समस्त पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।
दीपावली पर्व के दौरान बाजारों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा हेतु लगातार ड्यूटी की जा रही है।
इसी दौरान सुपेला चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे आरक्षक भापेन्द्र साहू एवं अजय मंडावी को लगभग 4 वर्षीय एक मासूम बच्चा अकेले रोते हुए मिला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ की तथा उसके परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। तत्पश्चात यातायात जोन आकाशगंगा के माध्यम से बच्चे की पहचान मोहम्मद रिजवान, पिता मुख्तार कुरैशी, निवासी लक्ष्मी मार्केट सुपेला के रूप में की गई और उसकी माता पिंकी बेगम से संपर्क कर बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया।
अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर माता पिंकी बेगम ने राहत की सांस ली तथा आरक्षक भापेन्द्र साहू, अजय मंडावी सहित समस्त पुलिस विभाग के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
यातायात पुलिस दुर्ग आम नागरिकों से अपील करती है कि त्योहारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें अकेला न छोड़ें। पुलिस आपकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है। और इस प्रकार कि कोई सूचना मिलने पर 112 पे कॉल करे।