
दुर्ग::अंकिता:-दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय के पास गांजा बिक्री करने की फिराक में घूम रहे महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.520 किलोग्राम गांजा, बिक्री रकम और मोबाइल फोन समेत कुल ₹1,26,540 की सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को थाना पदमनाभपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी की पहचान वसंत श्याम राव ओमकारे (32 वर्ष), निवासी अंतुले नगर, येवलेबाड़ी, थाना कोंढवा, जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई। आरोपी के पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर 2.520 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 529/2026, धारा 20(ख), 27(क) NDPS Act के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दूसरे राज्य से गांजा लाकर दुर्ग में बिक्री की तैयारी
पुलिस के अनुसार आरोपी महाराष्ट्र से गांजा लेकर दुर्ग आया था और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान के आसपास ग्राहकों की तलाश कर इसकी बिक्री के जरिए अवैध धन अर्जित करने का प्रयास कर रहा था।
क्या-क्या हुआ जब्त?
2.520 किलोग्राम गांजा — अनुमानित कीमत ₹1,25,000
बिक्री रकम — ₹540
जियो भारत कंपनी का की-पैड मोबाइल — अनुमानित कीमत ₹1,000
कुल जब्ती — ₹1,26,540
पदमनाभपुर पुलिस ने मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की घेराबंदी, गांजे की बरामदगी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन या सेवन से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।