
दुर्ग। दुर्ग पुलिस लाइन में 20 अक्टूबर को परंपरानुसार शस्त्र पूजा, वाहन पूजन और हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए। सभी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हवन संपन्न कराया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के शस्त्रों की पूजा की गई। इसके साथ ही पुलिस लाइन में उपलब्ध विभागीय वाहनों और राजपत्रित अधिकारियों के शासकीय वाहनों का भी पूजन-अर्चन किया गया।
ब्लैंक कारतूसों से हुई औपचारिक फायरिंग
शस्त्र पूजन और हवन संपन्न होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ब्लैंक कारतूसों से औपचारिक फायरिंग की गई। इस दौरान पुलिस विभाग की परंपराओं और अनुशासन का निर्वहन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चन्द्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने में पुलिस लाइन के अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस आयोजन के माध्यम से दुर्ग पुलिस ने विभागीय परंपराओं, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
