जिले के विकास, ग्रामीण आजीविका, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण पर हुई सार्थक चर्चा


कबीरधाम:-सत्येंद्र बड्डघरे:: जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति से कबीरधाम जिले के विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले के समग्र विकास, ग्रामीण आजीविका, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।
भेंट के दौरान कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति का स्वागत कबीरधाम की अनूठी पहचान ‘बीरन माला’ पहनाकर किया गया। कलेक्टर ने पारंपरिक हस्तशिल्प एवं लोककला ‘बीरन’ के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण और भविष्य में विस्तार की संभावनाओं को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर ग्रामोदय ग्राम विकास समिति, आस्था कला मंच बोड़ला एवं शिव मंगल महिला समिति के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सामाजिक कार्यों और योजनाओं की जानकारी कलेक्टर के समक्ष रखी। ग्रामोदय के कार्यकारी निदेशक चंद्रकांत यादव ने लैंडस्कैप रेस्टोरेशन, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती, जैव उत्पादों के निर्माण तथा किसानों के सशक्तिकरण से संबंधित कार्यों की जानकारी दी।
वहीं, बीरन हस्तशिल्प के माध्यम से पारंपरिक लोककला एवं हस्तशिल्प के संरक्षण तथा स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने की पहल से भी कलेक्टर को अवगत कराया गया। आस्था कला मंच बोड़ला द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में संविधान एवं ग्राम सभा के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के प्रयासों की जानकारी दी गई।
शिव मंगल महिला समिति ने नशा मुक्ति केंद्र एवं वृद्धा आश्रम के संचालन के साथ समाज के कमजोर वर्गों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। बैठक में जिले के सर्वांगीण विकास में सामाजिक संगठनों की भूमिका और प्रशासन के साथ उनके सहयोग पर भी चर्चा हुई।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी संगठनों के सामाजिक सरोकार एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और लोगों में जन-जागरूकता पैदा करने में स्वैच्छिक संगठनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सामाजिक संगठनों से जिले के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एनजीओ प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रत्नेश गुप्ता, श्रीबाई बैगा, गुरुदास मानिकपुरी, निशांत यादव, चंद्रकांत यादव, कीर्ति, बसंती, छवि भारद्वाज, कोमल सिंह धारवैया, हिमांशु, दिनेश, नितेश, पालसिंह एवं अरविंद कुमार सहित विभिन्न संगठनों के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
जारीकर्ता : जिला एनजीओ संघ, कबीरधाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *