
कवर्धा। नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में कबीरधाम जिले की महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 40 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को पीड़िता की मां ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 23 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे उनकी नाबालिग बेटी सहेलियों को बुलाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान संतोष उर्फ बंटी ने चॉकलेट देने के बहाने बच्ची को अपनी दुकान के अंदर बुलाया और उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की। बच्ची ने शोर मचाते हुए आरोपी को धक्का दिया और मौके से भागकर घर पहुंची, जहां उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
रिपोर्ट पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 43/2026 दर्ज कर धारा 74, 75(2), 115(2) बीएनएस एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने पीड़िता एवं प्रार्थिया के कथन दर्ज कर विवेचना के दौरान आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने संतोष उर्फ बंटी मल्लाह, पिता भगेला मल्लाह, उम्र 40 वर्ष, निवासी कवर्धा, जिला कबीरधाम को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।