
दुर्ग में सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रात्रिकालीन विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 23 अगस्त की शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक जिले के 16 चिन्हित स्थानों पर चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान कुल 446 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15, तीन सवारी बैठाने वाले 87, बिना नंबर प्लेट के 15 और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 227 चालक शामिल हैं। वहीं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी चालानी कार्रवाई की गई और नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं और शराब का सेवन कर वाहन बिल्कुल न चलाएं। पुलिस के मुताबिक लगातार चल रही कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी देखी जा रही है।