
रिसाली। रिसाली नगर निगम क्षेत्र के श्रमिक बाहुल्य शिवपारा, बीआरपी कॉलोनी और एचएससीएल कॉलोनी मरोदा में करीब 1 करोड़ 72 लाख 96 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। रविवार को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने नारियल फोड़कर इन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत विधायक ललित चंद्राकर ने वार्ड क्रमांक 17 शिवपारा स्टेशन मरोदा से की। इसके बाद उन्होंने वार्ड क्रमांक 18 एचएससीएल स्टेशन मरोदा और बीआरपी कॉलोनी क्षेत्र में पहुंचकर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास पर्याप्त राशि है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पार्षदों के प्रयास और नागरिकों की प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों को मंजूरी दी जा रही है। कई अन्य विकास कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया में है और स्वीकृति मिलने के बाद वे पुनः वार्डों का दौरा करेंगे।
इन वार्डों में होंगे विकास कार्य
वार्ड क्रमांक 16 बीआरपी कॉलोनी में 25 लाख 55 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण, सड़क एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे। वहीं वार्ड क्रमांक 17 शिवपारा स्टेशन मरोदा में 1 करोड़ 2 लाख 5 हजार रुपये की लागत से नाली, पुलिया निर्माण, सड़क संधारण और सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 18 एचएससीएल शिवपारा में 45 लाख 36 हजार रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, पार्षद गजेन्द्री कोठारी, रेखा देवी, ममता सिन्हा, धर्मेन्द्र भगत, सारिका साहू, मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, अनुपम साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।