
भिलाई। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले ही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को निकली भव्य कलश यात्रा के दौरान महिलाओं के गले से चेन झपटने की करीब 4 से 5 घटनाएं सामने आई हैं।

सेक्टर-5 मंदिर से शुरू हुई कलश यात्रा में 11 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल हुईं। भारी भीड़ का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिलाओं को निशाना बनाया। घटनाओं के बाद महिलाओं में नाराजगी देखने को मिली।
पुलिस के मुताबिक, कथा आयोजन के लिए 20 राजपत्रित अधिकारियों समेत 700 से ज्यादा जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। चेन स्नैचिंग की शिकायतों के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। दो से तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
17 से 23 अगस्त तक जयंती स्टेडियम में होने वाली कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में कलश यात्रा के दौरान हुई घटनाओं ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के सामने चुनौती बढ़ा दी है।