
दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर चौकी पुलिस ने युवती की हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, खम्हरिया स्थित पीएम आवास निवासी शीतल वर्मा (22) ने शिकायत दर्ज कराई कि 1 जुलाई को उसका परी खान के साथ लक्की सरदार को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में 2 जुलाई की रात करीब 8 बजे परी खान ने अपने पति लक्की सरदार, बहन मुस्कान और जीजा राहुल यादव के साथ मिलकर उसके घर पहुंचकर मारपीट की।
आरोप है कि आरोपियों ने युवती और उसके घर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। हालांकि, युवती किसी तरह वहां से भाग निकली और अपनी जान बचा ली।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के नागपुर भागने की सूचना मिली, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए परी खान, मुस्कान और राहुल यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व विवाद और रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी लक्की सरदार अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।