
दुर्ग। सायबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहन नगर और सुपेला पुलिस ने म्यूल खातों के जरिए संचालित एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जांच में 250 से अधिक बैंक खातों में करीब 1.88 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है।पुलिस को यह जानकारी भारत सरकार के समन्वय पोर्टल के माध्यम से मिली, जिसके आधार पर मोहन नगर और सुपेला क्षेत्र के विभिन्न बैंक खातों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि कई खाताधारक अपने बैंक खातों का उपयोग सायबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए कर रहे थे।जांच के दौरान कर्नाटका बैंक (स्टेशन रोड, दुर्ग) और फेडरल बैंक (दक्षिण गंगोत्री, सुपेला) सहित कुल 250 से ज्यादा खातों की जांच की गई, जिनमें 1,88,67,554 रुपये का संदिग्ध लेनदेन पाया गया।पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 11 खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। वर्ष 2026 के पहले चार महीनों में ऐसे मामलों में 150 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।पुलिस की अपील:पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या ओटीपी की जानकारी साझा न करें। म्यूल खाते उपलब्ध कराना भी अपराध है। सायबर ठगी से जुड़ी किसी भी जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें।