दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 305 पौवा अंग्रेजी शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, दो वाहन भी जब्त

दुर्ग। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना नंदिनी नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 305 पौवा अंग्रेजी शराब तथा परिवहन में उपयोग किए जा रहे दो वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 86 हजार 600 रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अहिवारा बायपास स्थित ग्राम संडी मोड़ मेन रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार ताम्रध्वज ध्रुव और जावेद टंडन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 255 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इसी दौरान मिली एक अन्य सूचना पर संयुक्त टीम ने अलग कार्रवाई करते हुए राजकुमार बंजारे को जुपीटर स्कूटी के साथ पकड़ा। जांच में उसके कब्जे से 50 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 305 पौवा अंग्रेजी शराब, एक मोटरसाइकिल और एक जुपीटर स्कूटी जब्त की है। जब्त शराब और वाहनों की कुल कीमत 1.86 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ कमाने की नीयत से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर बिक्री करने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी मात्रा में शराब बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी

  • ताम्रध्वज ध्रुव (19 वर्ष), निवासी ग्राम पिरदा, भिंभौरी, जिला बेमेतरा
  • जावेद टंडन (24 वर्ष), निवासी ग्राम डूमर, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग
  • राजकुमार बंजारे (40 वर्ष), निवासी ग्राम मलपुरीखुर्द, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग

जब्त सामग्री

  • 305 पौवा अंग्रेजी शराब
  • एक मोटरसाइकिल
  • एक जुपीटर स्कूटी
  • कुल जब्ती मूल्य : 1,86,600 रुपये

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब, गांजा, अन्य मादक पदार्थों, जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या नशा विरोधी हेल्पलाइन 1933 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *