
दुर्ग।
दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं, मोबाइल फोन, नगदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक, 3 अप्रैल 2026 को पद्मनाभपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रविशंकर स्टेडियम के पीछे चैनल गेट के पास दो व्यक्ति नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 97 नग N-ZEP 10 (Nitrazepam) टेबलेट और 10 नग ALPHA 0.5 टेबलेट बरामद हुईं। इसके अलावा 2 मोबाइल फोन, 400 रुपये नगद और एक एवेंजर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 98,200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8, 22(ख) और 27(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलशन कौशल (29 वर्ष) निवासी कसारीडीह और सुमित भोई (34 वर्ष) निवासी बांसपारा के रूप में हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई में पद्मनाभपुर थाना टीम की सक्रियता और तत्परता अहम रही। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।