दुर्ग में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 11 महीने में 1 लाख 38 हजार से ज्यादा चालान

अंकिता ।दुर्ग । दुर्ग में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ इस साल चालानी कार्रवाई में बड़ा इजाफा हुआ है।

आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में कुल 77 हजार 235 चालान किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में 18 नवंबर तक यह आंकड़ा बढ़कर 1 लाख 38 हजार 97 पहुंच गया है।

सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर की गई है। इस साल अब तक 84 हजार 964 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर किए गए हैं। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2 हजार 460 चालकों पर कार्रवाई हुई है।

इसके अलावा रांग पार्किंग के 16 हजार, तीन सवारी के 8 हजार 707, सीट बेल्ट नहीं लगाने के 7 हजार 434 और तेज गति से वाहन चलाने के 2 हजार 502 चालान किए गए हैं।

वहीं बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले 772 और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 111 मामलों में भी कार्रवाई की गई है।

यातायात पुलिस ने इस साल 89 हजार 1 चालान न्यायालय में पेश किए हैं, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 21 हजार 413 थी।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *