JEE Mains परीक्षा में नकल करते परीक्षार्थी गिरफ्तार, चप्पल में छिपाया था मोबाइल



दुर्ग:
भिलाई में JEE Mains परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए एक परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को ION Digital Zone, सिरसाकला स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग कॉलेज में NTA द्वारा JEE Mains परीक्षा आयोजित की गई थी। पहली पाली की परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी आदित्य कुमार बायोब्रेक के लिए वाशरूम गया था। वापस लौटने के बाद सुरक्षा जांच के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
सिक्योरिटी गार्ड ने मेटल डिटेक्टर से जांच की, जिसमें संदेह होने पर उसकी चप्पल की तलाशी ली गई। जांच में पता चला कि चप्पल को काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया गया था, जिसका उपयोग परीक्षा में नकल के लिए किया जा रहा था।
घटना की जानकारी मिलने पर परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके आधार पर पुरानी भिलाई थाना में मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2008 की धारा 09 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी आदित्य कुमार (20 वर्ष) सुकमा जिले का निवासी है। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग कर अवैध लाभ लेने की कोशिश की थी। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि किसी भी परीक्षा में नकल या अनुचित साधनों का उपयोग न करें, क्योंकि यह दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *