दुर्ग में धारदार हथियार से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चापड़ जब्त



दुर्ग :
दुर्ग में पुरानी रंजिश को लेकर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को ढीमर पारा निवासी ललित ढीमर अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला मनोज ढीमर पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे के धारदार चापड़ से चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे पीड़ित घायल हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी मनोज ढीमर (40 वर्ष) ढीमर पारा का निवासी है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना पुरानी रंजिश के चलते हुई। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना पुलिस की त्वरित और प्रभावी भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *