
भिलाई नगर, । दुर्ग जिले के भिलाई सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में देर रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोर साईं बाबा की प्रतिमा पर चढ़े चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। इस दौरान मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्ड को बांधकर बेरहमी से पीटा गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी विजय अग्रवाल और भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार आधी रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच नकाबपोश बदमाश मंदिर में घुसे। CCTV फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। आरोपियों ने पहले कैमरों को ढंकने की कोशिश की, फिर गार्ड को बंधक बनाकर मारपीट की और चोरी को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे पुजारी जब आरती के लिए मंदिर पहुंचे, तब ताले टूटे मिले और घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट ने पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल मंदिर समिति यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि कुल कितना सामान चोरी हुआ है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
सेक्टर-6 जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात के बाद पुलिस पेट्रोलिंग पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।