
दुर्ग, । यातायात पुलिस दुर्ग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को जीवनरक्षक उपचार के लिए ग्रीन कॉरिडोर उपलब्ध कराया। विशेष यातायात प्रबंधन के जरिए एंबुलेंस को जुनवानी स्थित शंकरा हॉस्पिटल से रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल तक मात्र 40 मिनट में सुरक्षित पहुँचाया गया।
पुलिस के अनुसार, युवक के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे शंकरा हॉस्पिटल, जुनवानी में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय परीक्षण में हालत नाजुक पाए जाने पर उसे उन्नत उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने तत्काल रणनीति बनाकर ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया।
मार्ग में आने वाले प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की अग्रिम तैनाती की गई और आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्ट किया गया। वायरलेस संचार प्रणाली के माध्यम से एंबुलेंस की लगातार मॉनिटरिंग की गई, जिससे उसे बिना किसी बाधा के तेज और सुरक्षित मार्ग मिल सका।
समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप एंबुलेंस लगभग 40 मिनट में रामकृष्ण हॉस्पिटल, रायपुर पहुँच गई, जहाँ घायल युवक का उपचार जारी है।