अंतर्राज्यीय अफीम तस्करी पर दुर्ग पुलिस का बड़ा प्रहार, 205 ग्राम अफीम के साथ 3 आरोपी जेल



दुर्ग । दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अफीम की अंतर्राज्यीय तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। भिलाई नगर थाना पुलिस ने अफीम की खरीदी-बिक्री में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिन्हें जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 15 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेक्टर-06 भिलाई स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से अफीम रखकर उसकी बिक्री की फिराक में है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से बलवीर सिंह को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 205 ग्राम अफीम, एक मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 80 हजार 500 रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ भिलाई नगर थाने में नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अफीम की खरीदी-बिक्री में रामबाबू उर्फ कैम्बो और सप्लाई में स्वरूप सोनी की संलिप्तता उजागर की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय है और अन्य आरोपियों व अफीम के मुख्य स्रोत की तलाश जारी है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *