आवासीय मकान में संचालित ओयो होटल को नगर निगम ने किया सील

बिलासपुर । सरकंडा क्षेत्र के बहतराई रोड स्थित एक आवासीय मकान में ओयो होटल का संचालन किया जा रहा था। मोहल्लेवासियों ने इसकी शिकायत जिला प्रशासन और नगर निगम से करते हुए बताया था कि उक्त मकान में होटल संचालन की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम ने जांच की तो यह तथ्य सामने आया कि यह मकान आवासीय क्षेत्र में आता है और यहां किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि नियमों के विरुद्ध है।

नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी दस्ता टीम, प्रभारी प्रमिल शर्मा और शिव जायसवाल के नेतृत्व में गुरुवार को मौके पर पहुंची। जांच के दौरान टीम ने पाया कि मकान में ओयो होटल का संचालन गायत्री केडिया नामक महिला द्वारा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां प्रतिदिन संदिग्ध लोग आते-जाते रहते हैं और यह गतिविधि सुबह से लेकर देर रात तक चलती रहती है, जिससे आसपास के रहवासी काफी परेशान हैं।

पूर्व में भी मोहल्लेवासियों ने कई बार संचालन को बंद कराने की कोशिश की, लेकिन होटल संचालक महिला नहीं मानी। अंततः शिकायतों के आधार पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए उक्त मकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आवासीय मकानों में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि करना पूरी तरह प्रतिबंधित है और भविष्य में ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *