रणवीरपुर में उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ


  • नवोदित वंशाचार्य उदित मुनि नाम साहब और विधायक भावना बोहरा ने किया उद्घाटन
  • विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया
  • अब ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा

कवर्धा। ग्राम रणवीरपुर में समरसता भवन में उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ दामखेड़ा कबीर आश्रम के नवोदित वंशाचार्य उदित मुनि नाम साहब और पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि रणवीरपुर में उप तहसील कार्यालय “लिंक कोर्ट” का शुभारंभ ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। जनता की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष यह प्रस्ताव रखा गया था, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा किया। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।

विधायक ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार का उद्देश्य जनकल्याण और अधोसंरचना विकास है। उप तहसील भवन के माध्यम से अब क्षेत्रवासियों को राजस्व संबंधी कार्यों जैसे खसरा/खतौनी की नकल, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, ऋण पुस्तिका सहित अन्य कार्यों के लिए दूरस्थ तहसीलों में नहीं जाना पड़ेगा। जमीन विवाद जैसे मामलों का शीघ्र निपटारा होगा और ग्रामीणों का समय व संसाधन दोनों की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीति केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण अंचलों की जनभावनाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने का ठोस प्रयास है। अब ग्रामीण भी पारदर्शी प्रशासन और त्वरित सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

भावना बोहरा ने कहा कि अंतिम पंक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र विकास की स्वर्णिम गाथा लिख रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *