ऑपरेशन मुस्कान में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता, 108 गुमशुदा बालक-बालिकाएं दस्तयाब, राज्य में दूसरा स्थान हासिल


दुर्ग । दिनांक 01 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अब तक की अवधि में कुल 108 गुमशुदा बच्चों को दस्तयाब किया जा चुका है। अभियान की शुरुआत से लेकर अब तक वर्ष 2016 से गुम एक बालक को भी दस्तयाब किया गया है, जो इस प्रयास की व्यापकता और प्रभावशीलता को दर्शाता है। गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए बड़े थानों से दो-दो और छोटे थानों से एक-एक पुलिस टीम का गठन किया गया, जिन्हें राज्य के भीतर और बाहर—जैसे आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, हैदराबाद, उड़ीसा, महाराष्ट्र, पुणे, तमिलनाडु, चेन्नई, राजस्थान, दिल्ली एवं अन्य स्थानों पर भेजा गया।

अभी भी 07 पुलिस टीम अलग-अलग राज्यों में गुम बच्चों की तलाश में लगी हुई हैं। अब तक दस्तयाब किए गए बच्चों की संख्या कुल गुमशुदा का लगभग 30% है, जो अभियान की सफलता का संकेत है। दस्तयाब बालक-बालिकाओं का बाल कल्याण समिति के समक्ष कथन कराया गया है और उनके परिजनों से संपर्क कर आवश्यक पूछताछ भी की गई है। राज्य स्तरीय तुलना में दस्तयाबी के अनुपात पर दुर्ग जिला दूसरे स्थान पर है, जबकि पहले स्थान पर बिलासपुर जिला है। ऑपरेशन मुस्कान दिनांक 31 जुलाई 2025 तक चलेगा और इसके बाद भी दस्तयाबी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *