
दुर्ग । हरेली त्यौहार के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग किए जाने की आशंका को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा 24 जुलाई को एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब बेचने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की गई। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कुल 37 प्रकरण दर्ज किए और 37 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की। इन आरोपियों के पास से अंग्रेजी शराब के 16 पौव्वे, देसी मदिरा मसाला के 103 पौव्वे, देसी मदिरा प्लेन के 99 पौव्वे एवं शराब बिक्री की नकद रकम ₹2,490 सहित कुल ₹28,180 मूल्य की शराब जब्त की गई। सभी आरोपियों के नाम गुंडा-बदमाश सूची में जोड़े जाएंगे। दुर्ग पुलिस का यह अभियान हरेली पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सफल रहा। अवैध नशे के विरुद्ध इस तरह की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।
