अंडा में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, दो युवक और एक महिला गिरफ्तार, 4 किलो गांजा व बाइक सहित सामान जब्त



दुर्ग। थाना अंडा पुलिस ने मादक पदार्थ गांजा की तस्करी और बिक्री में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से कुल 4 किलोग्राम गांजा, एक मोटर साइकिल, तीन मोबाइल फोन सहित कुल 1,10,000 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

17 जुलाई 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटर साइकिल से अवैध रूप से गांजा ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर अंडा थाना पुलिस ने गीता पेट्रोल पंप के पास मेन रोड पर दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। उनके पास रखे हरे रंग के बैग से 4 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान रणवीर मारकंडे और नीतेश कुर्रे के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि गीतांजली जोशी नाम की महिला ने उन्हें गांजा लाने के लिए 20,000 रुपये दिए थे। इसके बाद पुलिस ने गीतांजली को हिरासत में लेकर महिला आरक्षक की उपस्थिति में पूछताछ की, जिसमें उसने गांजा लाने के लिए रकम देना और बिक्री से होने वाली आय का बंटवारा करने की बात स्वीकार की।

मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 52/2025 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. रणवीर मारकंडे, उम्र 19 वर्ष, निवासी ईतवारी बाजार, अंडा
  2. नीतेश कुर्रे, उम्र 22 वर्ष, निवासी चंदखुरी, थाना पुलगांव
  3. गीतांजली जोशी, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम अंडा

जप्त सामग्री:

  • 4 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा
  • एक मोटर साइकिल
  • तीन मोबाइल फोन
    कुल अनुमानित कीमत: ₹1,10,000

इस कार्रवाई में अंडा थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक और महिला आरक्षक शामिल थे। पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *