
भिलाई। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य एम. सागर को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 10 मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3.20 लाख रुपये आंकी गई है।
घटना 27 जून 2025 को रथ यात्रा के दौरान हुई थी, जब बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ में कई मोबाइल चोरी हो गए थे। मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनके पास से 16 मोबाइल बरामद हुए थे। उन्हीं के बयान में गिरोह के फरार साथी एम. सागर का नाम सामने आया था।
6 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-6 स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास एक व्यक्ति चोरी के मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसकी पहचान एम. सागर पिता एम. शेखर उम्र 21 वर्ष, निवासी प्रगति नगर छावनी भिलाई के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह रथ यात्रा के दिन अपने साथियों बिल्लु, नौसाद, सुनील उर्फ रोहित, इमला व अन्य के साथ मिलकर मोबाइल चोरी की वारदात में शामिल था।
आरोपी के पास से 10 मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संगठित अपराध अधिनियम की धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में एसीसीयू और थाना भिलाई नगर की टीम की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
एम. सागर पिता एम. शेखर, उम्र 21 वर्ष, निवासी प्रगति नगर, छावनी, भिलाई