दुर्ग पुलिस का अवैध अप्रवासियों के खिलाफ बड़ा अभियान, टोल फ्री नंबर 18002331905 जारी


दुर्ग। अवैध अप्रवासियों (रोहिंग्या/बांग्लादेशी) की तलाश और पहचान के लिए दुर्ग पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। आम नागरिकों से सूचना प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 18002331905 जारी किया गया है।

अवैध अप्रवासियों की पहचान और पतासाजी के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा एक नई पहल की गई है। पुलिस वाहनों पर टोल फ्री नंबर का स्टिकर लगाकर लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जा रही है, ताकि आम नागरिक संदिग्ध अप्रवासियों के बारे में चौबीस घंटे कभी भी कॉल करके सूचना दे सकें।

छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार राज्य में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों की तलाश और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा जारी टोल फ्री नंबर के माध्यम से आम लोगों से सहयोग मांगा गया है।

दुर्ग पुलिस ने अपने सभी पेट्रोलिंग वाहनों में हेल्पलाइन नंबर 18002331905 का स्टिकर लगाकर यह सुनिश्चित किया है कि आम लोग आसानी से पुलिस तक जानकारी पहुंचा सकें। अवैध अप्रवासियों की संदिग्ध और देश विरोधी गतिविधियों को देखते हुए उनकी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

हर जिले में एसटीएफ का गठन कर ऐसे नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। टोल फ्री नंबर का मुख्य उद्देश्य है कि लुक-छिपकर रह रहे अवैध रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की जानकारी मिल सके ताकि उन्हें चिन्हित कर निर्वासन की कार्रवाई की जा सके।

आम नागरिकों से अपील है कि यदि आपके आसपास कोई भी संदिग्ध अवैध अप्रवासी निवास कर रहा हो तो तत्काल टोल फ्री नंबर 18002331905 पर सूचना दें। सूचना की पुष्टि के बाद एसटीएफ और पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

टोल फ्री नंबर के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न सार्वजनिक और निजी औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी पोस्टर, स्टिकर और बैनर लगाए गए हैं।

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाईनगर एवं एसटीएफ प्रभारी सत्य प्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा सहित जिले के पेट्रोलिंग कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *