दुर्ग में नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, 5 महीने में 547 वाहन जब्त, 54.70 लाख का जुर्माना


दुर्ग । “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले के अलग-अलग प्रमुख मार्गों में शाम से देर रात तक ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की जा रही है।

पिछले दो दिनों में नशे में वाहन चलाने वाले 18 चालकों पर कार्रवाई की गई है। वहीं, विगत 5 माह 25 दिन में 547 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर वाहन जब्त कर न्यायालय में पेश किया गया।

न्यायालय द्वारा प्रत्येक वाहन चालक पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई में अब तक कुल 54 लाख 70 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया। साथ ही ऐसे चालकों के लाइसेंस निलंबन हेतु परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।

यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान के तहत चार प्रमुख बिंदुओं पर कार्य किया जा रहा है —

  1. सड़क और चौक-चौराहों की अभियंत्रण संबंधी त्रुटियों को दूर करना।
  2. सड़कों से अतिक्रमण और अवैध कब्जा हटाना।
  3. वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना।
  4. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई करना।

रात्रि दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में नशे में वाहन चलाना पाया गया है। ऐसे हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिदिन देर रात तक प्रमुख मार्गों और ब्लैक स्पॉट्स पर चेकिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *