
भिलाई। थाना छावनी क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुभाष चौक कैम्प 01 में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक नवी मोनिका पाण्डेय एवं थाना प्रभारी छावनी द्वारा शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया गया।
अधिकारियों ने समझाया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इससे समाज में अपराधों की संख्या भी बढ़ती है। नशा करने वाले व्यक्ति के कारण उसका परिवार मानसिक और आर्थिक पीड़ा झेलता है। साथ ही, नशे के अवैध व्यापार की जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में स्कूल के प्रिंसिपल, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। छावनी थाना क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
