दुर्ग जिले में पेट्रोलिंग पार्टी की बैठक: त्रिनयन एप को प्रभावी बनाने और साइबर जागरूकता बढ़ाने दिए गए निर्देश



दुर्ग । पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में दुर्ग जिले की सभी थानों और चौकियों में कार्यरत पेट्रोलिंग पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेट्रोलिंग टीमों को दैनिक ड्यूटी को और प्रभावी बनाने और “त्रिनयन एप” के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए गए।।

पेट्रोलिंग पार्टी को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र में मौजूद सभी निजी और शासकीय सीसीटीवी कैमरों की जानकारी त्रिनयन एप में दर्ज करें। इसमें बैंक, स्कूल, अस्पताल, पेट्रोल पंप, मोबाइल टॉवर और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को प्राथमिकता देने को कहा गया। यदि कोई कैमरा एंट्री शेष हो तो उसे तत्काल पूरा कर गूगल मैप की सहायता से लोकेशन पिन करने के निर्देश दिए गए।

साइबर अपराध पर नियंत्रण और जागरूकता फैलाने के लिए “साइबर प्रहरी मिशन” के अंतर्गत प्रत्येक पेट्रोलिंग पार्टी को अपने क्षेत्र में साइबर प्रहरी ग्रुप बनाने को कहा गया। इन ग्रुप्स में स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, ऑटो ड्राइवरों, विद्यार्थियों और युवाओं को जोड़ा जाएगा। ग्रुप के माध्यम से ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, बैंकिंग सुरक्षा जैसे विषयों पर समय-समय पर जानकारी दी जाएगी। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर शिकायत पोर्टल www.cybercrime.gov.in की जानकारी भी साझा की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, चोरी या संदिग्ध वाहनों की जांच और पहचान सशक्त एप के माध्यम से करने के निर्देश दिए गए। सभी पेट्रोलिंग पार्टियों को सीयूजी (सरकारी) मोबाइल नंबर दिए गए हैं, जो उनकी गाड़ियों पर चारों ओर प्रदर्शित किए जाएंगे ताकि जनता सीधे उनसे संपर्क कर सके।

थाना प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि पेट्रोलिंग पार्टी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सक्रियता से करे। इसकी साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *